स्कूल वैन खाई में पलटी, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल


जौनपुर। जनपद के सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेलवार गांव में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एस.एस. पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब 18 से 20 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में 5 वर्षीय छात्र अभी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय स्वयं सरकारी वाहन से बच्चे को बेहतर इलाज के लिए लेकर रवाना हुए।
दुर्घटना में स्कूल की शिक्षिका संध्या यादव और छात्रा श्रेजा यादव भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने वैन के शीशे तोड़कर अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इस घटना के बाद स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच कराने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights