वाराणसी–लखनऊ सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस में लगेंगे अत्याधुनिक LHB कोच, 6 अगस्त से नई व्यवस्था लागू

वाराणसी/लखनऊ। वाराणसी और लखनऊ के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर रेलवे ने गाड़ी संख्या 20401/20402 वाराणसी–लखनऊ–वाराणसी (वाया जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर) सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस में चल रहे पुराने आईसीएफ (ICF) कोचों के स्थान पर अब स्थायी रूप से आधुनिक LHB (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाने का निर्णय लिया है।
रेलवे द्वारा जारी नई व्यवस्था के अनुसार, गाड़ी संख्या 20402 (लखनऊ–वाराणसी) का संचालन 06 अगस्त से LHB रेक के साथ किया जाएगा, जबकि गाड़ी संख्या 20401 (वाराणसी–लखनऊ) 07 अगस्त से LHB कोचों के साथ चलेगी।
LHB कोच लगने से यात्रियों को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलेंगी। इन कोचों में यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आरामदायक होगी। शोर कम होने से सफर शांतिपूर्ण रहेगा। साथ ही, एंटी-क्लाइम्बिंग तकनीक के कारण दुर्घटना की स्थिति में कोचों के एक-दूसरे पर चढ़ने की संभावना कम होगी, जिससे सुरक्षा में वृद्धि होगी। उन्नत ब्रेकिंग सिस्टम और आधुनिक कपलिंग व्यवस्था से ट्रेन का संचालन अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनेगा।
यह बदलाव वाराणसी और लखनऊ के बीच रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। आधुनिक LHB कोचों के शामिल होने से इस सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस में यात्रा का अनुभव पहले से कहीं अधिक बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।