निपुण भारत मिशन की समीक्षा बैठक, शिक्षा की गुणवत्ता व छात्र सुरक्षा पर डीएम के सख्त निर्देश


जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में निपुण भारत मिशन एवं जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र सुरक्षा और विद्यालयों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान निपुण भारत मिशन, डीबीटी के माध्यम से छात्रों को मिलने वाली 1200 रुपये की धनराशि, मध्याह्न भोजन (एमडीएम), विद्यालय कायाकल्प के 19 मानकों, दिव्यांग बच्चों के लिए सुविधाओं तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बरसात के मौसम को देखते हुए विद्यालय परिसरों में लगे विद्युत खंभों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, शत-प्रतिशत उपस्थिति बढ़ाने तथा प्रत्येक माह के चौथे शनिवार को आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक में अधिकारियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्यालयों में खेलकूद, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न कक्षाओं के ट्रांजिशन रेट में सुधार लाने पर भी बल दिया गया।
बैठक के अंत में शैक्षिक सत्र 2026-27 में सर्वाधिक नामांकन करने वाले कंपोजिट विद्यालय सटवां (मुंगराबादशाहपुर), कंपोजिट विद्यालय चेतरहाँ (सुईथाकला) एवं कंपोजिट विद्यालय राजापुर डडापुर (रामनगर) के प्रधानाध्यापकों को जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।
बैठक में डायट प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी एवं जिला टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights