श्रावण मास कांवड़ यात्रा को लेकर एडीजी एस.के. भगत की समीक्षा बैठक, सुरक्षा व्यवस्था के कड़े निर्देश


एटा/उत्तर प्रदेश। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (आगरा जोन) एस.के. भगत ने जनपद एटा में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में थानाध्यक्षों और थाना प्रभारियों ने भी भाग लिया।
बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एडीजी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। इसके साथ ही रूट डायवर्जन, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग स्थल एवं होल्डिंग एरिया की व्यवस्था पूर्व से ही दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने आयोजकों, शिविर संचालकों एवं भंडारा प्रबंधकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया। साथ ही जिन मंदिरों में जलाभिषेक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, वहां पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीजी ने होटल, धर्मशालाओं, सराय एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights