धनबाद में ईडी की बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला खनन मामले में 760 करोड़ की बेनामी संपत्ति उजागर
धनबाद/झारखंड। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने धनबाद में अवैध कोयला खनन और मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में शामिल है, जिससे कोयला कारोबार से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने कोयला कारोबारी अनिल गोयल, एलबी सिंह समेत कई अन्य लोगों और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से जुड़े नेताओं के करीब 30 ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई के दायरे में हरेंद्र चौहान, रोहित यादव, गणेश यादव और पप्पू मंडल जैसे नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान ईडी को 760 करोड़ रुपये से अधिक की कथित बेनामी चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा लगभग 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश और बड़ी मात्रा में नकदी को भी फ्रीज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी और आरोपों की पुष्टि संबंधित एजेंसी द्वारा की जानी बाकी है। ईडी की इस कार्रवाई के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।