दर्दनाक सड़क हादसा: काशी विश्वनाथ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकराई, 2 की मौत, 3 घायल


जौनपुर। जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें काशी विश्वनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खड़ी ट्रक में जा घुसी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो वाराणसी से दर्शन कर उन्नाव अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल तीनों श्रद्धालुओं को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights