प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार


प्रयागराज। जिले में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंधों के शक में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वाराणसी के नदेसर क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी दो बेटियां हैं। उसे लंबे समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। आरोपी के मुताबिक, समझाने के बावजूद उसकी पत्नी का व्यवहार नहीं बदला और वह शाहगंज में रहने वाले एक युवक के संपर्क में भी बनी रही।
घटना के संबंध में आरोपी ने बताया कि 3 अगस्त को उसकी पत्नी बिना बताए घर से निकलकर शाहगंज पहुंच गई। बाद में उसने वीडियो कॉल कर अपनी लोकेशन भी दिखाई। इससे गुस्साए आरोपी ने उसी रात शाहगंज पहुंचकर उस कमरे में प्रवेश किया, जहां उसकी पत्नी मौजूद थी।
आरोपी ने पहले छोटे गैस सिलेंडर से पत्नी के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए युवक और उसकी पत्नी पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
प्रयागराज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights