हज-2027: चयनित जायरीन 10 अगस्त तक जमा करें पहली किस्त, सूची वेबसाइट पर जारी


जौनपुर। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता ने बताया कि हज-2027 के लिए उत्तर प्रदेश से आवेदन करने वाले 22,510 आवेदकों का चयन हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा ऑनलाइन कुर्रा (लॉटरी) के माध्यम से किया गया है। चयनित यात्रियों को इसकी सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दी गई है।
उन्होंने बताया कि चयनित यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। सूची में कवर नंबर और बैंक रेफरेंस नंबर भी अंकित किए गए हैं, जिससे पहली किस्त जमा करने में सुविधा होगी।
प्रत्येक चयनित हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की पहली किस्त हज कमेटी ऑफ इंडिया के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया या भारतीय स्टेट बैंक के खाते में जमा करनी होगी। भुगतान ऑनलाइन माध्यमों जैसे वेबसाइट, हज सुविधा ऐप, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड एवं नेट बैंकिंग के जरिए भी किया जा सकता है।
भुगतान के उपरांत यात्रियों को पे-इन स्लिप, हस्ताक्षरित हज आवेदन पत्र, घोषणा पत्र, पासपोर्ट संबंधी घोषणा पत्र तथा मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाणपत्र अपने लॉग-इन आईडी के माध्यम से हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिन आवेदकों को दस्तावेज अपलोड करने में किसी प्रकार की समस्या हो, उनके लिए उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय एवं जनपदों में स्थापित हज ई-सुविधा केंद्रों पर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सभी चयनित यात्रियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights