चलती कार में भीषण आग, महिला-बच्ची समेत पांच यात्री बाल-बाल बचे हौज टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी, टोलकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

जौनपुर। जिले के हौज टोल प्लाजा पर उस समय हड़कंप मच गया, जब टोल से गुजर रही एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में महिला और एक बच्ची सहित कुल पांच लोग सवार थे। आग लगते ही वाहन में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और स्थिति भयावह हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के चलते कार के सेंसर लॉक हो गए, जिससे वाहन के दरवाजे खुल नहीं पा रहे थे। हालात को गंभीर होते देख टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बाहर से दरवाजे खोलने का प्रयास किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद टोलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों की मदद से कार में लगी आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने टोलकर्मियों की बहादुरी और सूझबूझ की जमकर सराहना की।