गीतांजलि जौनपुर का 54वां ऋतु अभिनंदन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न


जौनपुर। जनपद की प्रतिष्ठित रचनात्मक एवं सामाजिक संस्था ‘गीतांजलि जौनपुर’ का 54वां ऋतु अभिनंदन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम नगर के आरएन टैगोर हायर सेकेंडरी स्कूल, सुखीपुर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष नीरज शाह ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. मुक्ता राजे (अध्यक्ष, भूगोल विभाग, राजकीय पीजी कॉलेज मेहरावा) रहीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. शीला सिंह (संस्थापिका, आरएन टैगोर हायर सेकेंडरी स्कूल), अनीता सिंह (शहर कोतवाल) एवं बिट्टू किन्नर (प्रदेश अध्यक्ष, किन्नर प्रकोष्ठ) शामिल रहीं।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में अतिथियों ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा विद्यालय परिसर में कल्पवृक्ष, रुद्राक्ष, लाल चंदन एवं सफेद चंदन के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। द्वितीय चरण में अतिथियों ने टैगोर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन किया।
इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत पूर्व अध्यक्ष डॉ. ब्रह्मेश शुक्ला ने किया, जबकि महासचिव रामानंद विश्वकर्मा ने संस्था के 54 वर्षों के कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम संयोजक रूप नारायण माली ने संस्था की रचनात्मक, सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों की जानकारी दी।
वक्ताओं ने वृक्षारोपण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना ही नहीं, बल्कि उसकी नियमित देखभाल भी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र जायसवाल, रामप्रताप सोनी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में बड़ी संख्या में संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष नीरज शाह ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात सभी ने राष्ट्रगान गाया और श्रावणी भोज का आनंद लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के संरक्षक महेंद्र विक्रम ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights