हथेलियों पर उकेरा देशप्रेम, तिरंगे की थीम पर बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता

जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले के परिषदीय विद्यालयों में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत देशभक्ति और रचनात्मकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मड़ियाहूं विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय हिनौती और बक्शा विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय सरायखोलेको में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
प्राथमिक विद्यालय हिनौती में बच्चों ने अपनी हथेलियों पर ‘भारत’, ‘तिरंगा’ और ‘स्वतंत्रता’ जैसे देशभक्ति से जुड़े संदेश लिखकर अनूठे अंदाज में देश के प्रति प्रेम और सम्मान प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से हथेलियां सामने कर तिरंगे के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। बच्चों की यह रचनात्मक प्रस्तुति विद्यालय परिसर में आकर्षण का केंद्र रही।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देश और खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा के मार्गदर्शन में आयोजित गतिविधि में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिक्षकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की भावना विकसित करना है।
वहीं, कंपोजिट विद्यालय सरायखोलेको में भी ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत विद्यार्थियों ने तिरंगे की थीम पर आकर्षक फ्रेम तैयार किए। रंगों और कलात्मक प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने बच्चों की रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना मजबूत करने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी निखारती हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
परिषदीय विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बच्चों की प्रस्तुतियों ने संदेश दिया कि देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं, बल्कि भावनाओं और व्यवहार में भी दिखाई देती है।