गोरखपुर में ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की धारदार हथियार से हत्या, दौड़ाकर किया हमला
पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि शिवकुमार तिवारी ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तलवार और बांके से हमला करते हुए उन्हें काफी दूर तक दौड़ाया।
हमले में गंभीर रूप से घायल शिवकुमार तिवारी कुछ दूरी पर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपियों द्वारा उन पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात कही जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपियों के भाई की हत्या के मामले में शिवकुमार तिवारी नामजद आरोपी थे। इसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के संबंध में राहुल चौधरी और उसके छोटे भाई पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।
शिवकुमार तिवारी के बेटे अधिवक्ता आदित्य त्रिपाठी बताए जा रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।