झारखंड पेपर लीक के विरोध में ABVP का प्रदर्शन, BHU सिंहद्वार पर हेमंत सोरेन का पुतला फूंका


वाराणसी, 12 अगस्त। झारखंड में पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई ने बुधवार को BHU सिंहद्वार पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और छात्रों ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के बावजूद सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। छात्रों पर कथित लाठीचार्ज का विरोध करते हुए ABVP कार्यकर्ताओं ने आंदोलनरत छात्रों की मांगों को तत्काल स्वीकार करने की मांग की।
ABVP के केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रमुख राहुल राणा ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के साथ पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। साथ ही छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों और कार्रवाई के आदेश देने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रति एकजुटता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights