आजमगढ़ दवा लेने जा रहे मां-बेटे को ट्रेलर ने कुचला, दोनों की मौत


दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामनगर पुलिस बूथ के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों ट्रेलर के नीचे आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बड़हलगंज क्षेत्र के बेलवादाखिली गांव निवासी 42 वर्षीय बिंदु देवी पत्नी राजकुमार और उनके 16 वर्षीय पुत्र सूरज यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि बिंदु देवी अपने बेटे के साथ बाइक से दवा लेने आजमगढ़ जा रही थीं। करीब 11 बजे रामनगर पुलिस बूथ के पास पहुंचते ही सामने से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे बाइक समेत ट्रेलर के नीचे आ गए। चालक दोनों को कुचलते हुए ट्रेलर लेकर कुछ दूर तक चला गया। घटना के बाद चालक ट्रेलर को छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों ने ट्रेलर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान बड़हलगंज क्षेत्र के बेलवादाखिली गांव निवासी मां-बेटे के रूप में हुई है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights