बालिका गृह में किशोरी की हत्या, पानी में डुबोकर मारने का आरोप; CCTV कैमरे तोड़ने की कोशिश

मथुरा, 23 अगस्त। वृंदावन स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। आरोप है कि बाल गृह में साथ रहने वाली दो किशोरियों ने पानी से भरी बाल्टी में सिर डुबोकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है।
बताया गया कि दोनों आरोपी किशोरियां करीब 40 मिनट तक बाथरूम में रही थीं। शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन बजे चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह के कमरा नंबर पांच के बाथरूम में किशोरी शिवानी (14) अचेत अवस्था में मिली।
बाल गृह की प्रभारी अधीक्षिका प्रगति खरे ने तत्काल किशोरी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शिवानी मूल रूप से बरेली की रहने वाली थी। उसकी मां की मानसिक स्थिति खराब होने के बाद उसे प्रशासनिक संरक्षण में राजकीय बाल गृह में रखा गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाल गृह की प्रभारी अधीक्षिका की तहरीर पर पांच नामजद किशोरियों सहित अन्य किशोरियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस घटना के कारणों और हत्या में शामिल किशोरियों की भूमिका की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश भी दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा संबंधित किशोरियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रहे हैं।