जौनपुर में पुलिस का बड़ा अभियान, 88 अभियुक्त गिरफ्तार; 82 NBW वारंटी भी पकड़े गए
जौनपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जौनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जिले के 28 थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में 6 वांछित और 82 गैर-जमानती वारंट (NBW) के वारंटी शामिल हैं। अभियान के दौरान कोतवाली, लाइन बाजार, जफराबाद, शाहगंज, खेतासराय, खुटहन, सरपतहां, केराकत, चंदवक, जलालपुर समेत कुल 28 थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
खेतासराय से सबसे अधिक 9 गिरफ्तारी
थानावार कार्रवाई में खेतासराय से 9, खुटहन से 7 और जलालपुर से 6 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। वहीं चंदवक और सरपतहां से 5-5 तथा कोतवाली, तेजीबाजार और रामपुर थाना क्षेत्र से 4-4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने वांछित और वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए वांछित एवं NBW वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों और वारंटियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।