सिपाही पति पर पत्नी-बच्चों को छोड़ दूसरी महिला संग रहने का आरोप, मुकदमा दर्ज

गोरखपुर। एक महिला ने अपने सिपाही पति पर उसे और दो बच्चों को छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति ने पिछले कई महीनों से उसका और बच्चों का खर्च देना बंद कर दिया है। आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं हो पा रही है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
पीड़िता 36 वर्षीय बिंदु के मुताबिक, वर्ष 2010 में उसकी शादी गाजीपुर के कमरुद्दीन क्षेत्र के मिश्रापुरा निवासी सुनील कुमार यादव से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें 14 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा शामिल हैं।
महिला का आरोप है कि उसके पति वर्ष 2005-06 बैच के सिपाही हैं और वर्तमान में गोरखपुर के बेलीपार थाने में डायल-112 में तैनात हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति ने उसे और बच्चों को आर्थिक रूप से बेसहारा छोड़ दिया है और दूसरी महिला के साथ रह रहे हैं।
मामले को लेकर महिला ने गोरखपुर के एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर पीड़िता ने महिला थाने में पति के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब महिला द्वारा लगाए गए आरोपों, दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।