चंडीगढ़ से वांछित इनामिया आरोपी प्रदीप मलिक गिरफ्तार


जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी, कूटरचना और जालसाजी के मामले में वांछित चल रहे इनामिया आरोपी प्रदीप मलिक को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से दो दिन का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया गया।
पुलिस के मुताबिक महराजगंज थाने में वर्ष 2024 में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 170/2024 में प्रदीप मलिक पुत्र बिजेन्द्र मलिक, निवासी गोपालनगर, नई दिल्ली, वांछित चल रहा था। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 467, 468, 471, 420, 406 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण में महराजगंज पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर-6 स्थित ईको सिटी-1 में दबिश दी और प्रदीप मलिक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 25 अगस्त 2026 को शाम चार बजे तक दो दिन का ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत किया गया। आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी को न्यायालय जौनपुर में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महराजगंज थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी एबीएस नगर उपनिरीक्षक कविन्द्रनाथ राय, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश मिश्रा, कांस्टेबल देवेन्द्र यादव और कांस्टेबल देवेन्द्र नारायण पाण्डेय शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights