जाति प्रमाण पत्र के नाम पर रिश्वत और आपत्तिजनक मैसेज का आरोप, पटवारी निलंबित


शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में राजस्व विभाग के एक पटवारी पर जाति प्रमाण पत्र और जमीन से जुड़े काम कराने के नाम पर रिश्वत मांगने तथा महिला को आपत्तिजनक मैसेज भेजने के आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचने के बाद पटवारी आशीष सोनकर को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि एक युवती अपने जाति प्रमाण पत्र और जमीन से संबंधित काम के लिए पटवारी आशीष सोनकर के संपर्क में आई थी। आरोप है कि पटवारी ने काम कराने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की, जिसके बाद युवती ने 15 हजार रुपये नकद दिए।
इसके बाद आरोप है कि पटवारी ने युवती से व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू कर दी और निजी मुलाकात के लिए दबाव बनाने लगा। युवती ने इसका विरोध करते हुए मिलने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसके काम नहीं किए गए और उसे धमकी भी दी गई।
युवती ने कथित व्हाट्सऐप बातचीत के स्क्रीनशॉट के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पटवारी आशीष सोनकर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया।
मामले में प्रशासनिक स्तर पर जांच और आगे की विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी होने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights