रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की कार्रवाई, 11 नमूने लिए; 30 किलो छेना मिठाई नष्ट


जौनपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई और दुग्ध उत्पादों की दुकानों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। वहीं शाहगंज बस स्टेशन के पास स्थित अनिल मिष्ठान भंडार में अस्वच्छ स्थिति में रखी करीब 30 किलोग्राम छेना मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत 7,500 रुपये बताई गई, को मौके पर नष्ट कराया गया।
शाहगंज स्थित अनिल मिष्ठान भंडार से खोया और छेना मिठाई के नमूने लिए गए। इसी क्षेत्र के विन्ध्य मिष्ठान भंडार से छेना मिठाई का नमूना लिया गया। पूर्वी कौड़िया मेन रोड स्थित गोकुल डेयरी और मनु डेयरी से पनीर के नमूने संग्रहित किए गए।
इसके अलावा लाइन बाजार चौराहा स्थित दुकान से बर्फी, पुरानी बाजार मखदूमशाह स्थित दुकान से बर्फी, सिंगरामऊ की एक दुकान से अनरसा तथा भलुवाही स्थित सुख-शांति मिष्ठान भंडार से पेड़ा का नमूना लिया गया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित विनियमावली, 2011 के तहत नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights