पीयू के इंक्यूबेशन सेंटर को मिली सरकारी मान्यता, सीएम योगी ने सौंपा प्रमाण पत्र

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंक्यूबेशन सेंटर को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आधिकारिक मान्यता मिली है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय के इंक्यूबेशन सेंटर का मान्यता प्रमाण पत्र कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह और कार्यकारी निदेशक प्रो. अविनाश पाथर्डीकर को सौंपा।
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मान्यता मिलने से विश्वविद्यालय से जुड़े स्टार्टअप और इनक्यूबेटीज को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। सीड फंडिंग, प्रोत्साहन राशि और स्टार्टअप विकास से जुड़ी सरकारी सुविधाओं तक उनकी पहुंच बेहतर होगी। इससे विश्वविद्यालय में नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026 पुस्तिका का विमोचन तथा उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया। बताया गया कि स्टार्टअप नीति के तहत 107 स्टार्टअप को 3.42 करोड़ रुपये से अधिक और नौ इनक्यूबेटीज को 1.79 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा समेत अन्य अधिकारी और गणमान्यजन मौजूद रहे।
इंक्यूबेशन सेंटर के कार्यकारी निदेशक प्रो. अविनाश पाथर्डीकर ने कहा कि यह मान्यता पूर्वांचल विश्वविद्यालय में नवाचार और उद्यमिता को संस्थागत रूप से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पूर्वांचल के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और नवोदित उद्यमियों को अपने विचारों को स्टार्टअप में बदलने और उन्हें आगे बढ़ाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।