राहुल गांधी का UPI शुल्क को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने UPI लेन-देन पर संभावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लगाए जाने को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुपचाप ₹2,000 से अधिक के मर्चेंट UPI लेन-देन पर शुल्क लगाने का रास्ता खोल रही है।
राहुल गांधी के मुताबिक, ₹2,000 से अधिक के लेन-देन की संख्या UPI के कुल लेन-देन का करीब पांच प्रतिशत है, लेकिन इनका कुल ट्रांजैक्शन वैल्यू में हिस्सा लगभग 65 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही ग्राहकों से सीधे शुल्क नहीं लेने की बात कहे, लेकिन दुकानदारों पर लगने वाला शुल्क अंततः वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों के माध्यम से ग्राहकों पर पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिकी भुगतान कंपनियां लंबे समय से भारत की जीरो-MDR नीति का विरोध करती रही हैं और केंद्र सरकार अब उसी दिशा में नीति बदलने की ओर बढ़ रही है। राहुल गांधी ने इसे अमेरिकी दबाव से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा राजनीतिक हमला किया।