दुर्गा पूजनोत्सव की तैयारियों को लेकर महासमिति की बैठक नवरात्र से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त कराने, बिजली और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग


जौनपुर। श्री दुर्गा पूजा महासमिति की बैठक केंद्रीय कार्यालय नवदुर्गा मंदिर, नखास में नवचयनित अध्यक्ष मनीष देव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी शारदीय नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाले भव्य दुर्गा पूजनोत्सव के कार्यक्रमों और तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न आयोजनों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अध्यक्ष मनीष देव ने कहा कि नवरात्र के सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित, गरिमामय और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए समयबद्ध तैयारी जरूरी है। बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की खराब सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। महासमिति ने जिला प्रशासन से नवरात्र शुरू होने से पहले प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त कराने की मांग की, ताकि पूजा समितियों को मां दुर्गा की प्रतिमाएं पंडालों तक ले जाने में परेशानी न हो।
इसके अलावा बिजली और साफ-सफाई व्यवस्था को भी समय रहते दुरुस्त कराने की मांग की गई। महासमिति ने निर्णय लिया कि शीघ्र ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत, नगर पालिका और विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर मांगों से संबंधित पत्रक सौंपा जाएगा।
बैठक में महेश जायसवाल, प्रिन्स तनेजा, विवेक जायसवाल, कृष्ण कुमार, महेंद्र अग्रहरि, उदय मौर्य, रोहित सिन्हा, यश गुप्ता, रतन मौर्या, द्वारिकेश अग्रहरि, रवि शंकर यादव, मुकुल यादव सहित महासमिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। यह जानकारी महासमिति के मीडिया प्रभारी दीपक श्रीवास्तव ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights