योगासन प्रतियोगिता में धर्मापुर का दबदबा बालक वर्ग की चारों स्पर्धाओं में धर्मापुर के खिलाड़ियों ने जीते खिताब

जौनपुर। स्थानीय लोहिया पार्क में मंगलवार को जनपद स्तरीय प्राथमिक/परिषदीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने किया। आयोजन की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी सिरकोनी अमरेश कुमार सिंह ने संभाली।
प्रतियोगिता में धर्मापुर, सिरकोनी, मुंगराबादशाहपुर, शाहगंज, रामपुर, रामनगर और मड़ियाहूं विकासखंड के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न योगासन स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बालिका वर्ग की ट्रेडिशनल स्पर्धा में शाहगंज की प्रियांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आर्टिस्टिक एकल में सिरकोनी की संध्या भारती, आर्टिस्टिक युगल में धर्मापुर की नाजरीन एवं सृष्टि तथा रिदमिक युगल में शाहगंज की प्रियांशी एवं राधिका विजेता रहीं।
बालक वर्ग में धर्मापुर के खिलाड़ियों ने चारों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर अपना दबदबा कायम किया। ट्रेडिशनल में प्रियांशु, आर्टिस्टिक एकल में अंश, आर्टिस्टिक युगल में पुनीत एवं प्रियांशु तथा रिदमिक युगल में किशन एवं विपिन ने खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों एवं शिक्षकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर रवि चन्द्र यादव, प्रियंका सिंह, अचल हरिमूर्ति, अरविन्द यादव, संजय सिंह, सुप्रिया सिंह, नन्द लाल यादव, अमित सोनकर, ध्रुव राज, अखण्ड प्रताप सिंह, संजय चौरसिया और अनुराग सत्यार्थी सहित शिक्षक एवं खेल अनुदेशक मौजूद रहे।