मेडिकल कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम मरीजों को फल वितरित कर जाना हाल, शाम को 5000 दीपों से जगमग होगा मेडिकल कॉलेज परिसर


जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में विभिन्न जनसेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया के दिशा-निर्देशन तथा मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डा.) आर.बी. कमल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डा.) ए.ए. जाफरी के मार्गदर्शन में नवसंचालित ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर लगाया गया। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, लायन्स क्लब मेन, अतुल्य ट्रस्ट, ब्लड सेंटर जिला चिकित्सालय तथा रोटरी क्लब के सहयोग से आयोजित शिविर में चिकित्सकों, छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
इसके साथ ही नशामुक्ति एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ तथा जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की उपस्थिति में हुआ। मंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए आमजन को मिल रहे लाभों पर प्रकाश डाला। वहीं बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ और सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक अजय सिंह ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न इमरजेंसी वार्डों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी ली गई।
प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने कहा कि चिकित्सा सेवा मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्तदान, नशामुक्ति जागरूकता और मरीजों को फल वितरण जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
5000 दीपों से जगमग होगा मेडिकल कॉलेज परिसर
सेवा संकल्प अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में शाम को लगभग 5000 दीप प्रज्वलित करने की तैयारी की गई है। इस दौरान सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का संदेश देने के साथ लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की गई।
कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अम्बष्ट सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग, पैथोलॉजी विभाग तथा मेडिकल कॉलेज प्रशासन के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights