25 हजार दीपों से जगमगाया गोपी घाट, लेजर शो में दिखी जौनपुर की गौरवगाथा सेवा संकल्प अभियान का भव्य आगाज, प्रमुख स्थलों पर 5-5 हजार दीपों से रोशन हुआ शहर; विकास योजनाओं की प्रदर्शनी का शुभारंभ


जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिले में भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सद्भावना पुल स्थित गोपी घाट पर करीब 25 हजार दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से नदी तट रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान आकर्षक लेजर शो के माध्यम से जौनपुर के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के साथ जिले में हुए विकास कार्यों की झलक प्रस्तुत की गई।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट, विकास भवन, शाही किला, पुलिस लाइन, इंदिरा गांधी स्टेडियम, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, लोहिया पार्क, रोडवेज, मेडिकल कॉलेज, अंबेडकर पार्क और गांधी तिराहा सहित प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्वलन किया गया।
गोपी घाट पर उमड़ी नागरिकों की भीड़
मुख्य कार्यक्रम सद्भावना पुल स्थित गोपी घाट पर आयोजित हुआ। यहां करीब 25 हजार दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके बाद आयोजित लेजर शो में जौनपुर के ऐतिहासिक अतीत, सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक स्थलों और आधुनिक विकास की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। लेजर शो देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
प्रदर्शनी में दिखीं विकास योजनाओं की झलक
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नजारत कार्यालय के सामने सूचना विभाग की ओर से विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशू’, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा तथा मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और विकासपरक योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी प्रदर्शित की गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी ली।
विकसित भारत-2047 में सहभागिता का आह्वान
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल में गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को विकसित भारत-2047 के निर्माण में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने अधिकारियों को अभियान के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रभावी, व्यवस्थित एवं भव्य ढंग से संपादित कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights