बिना डेटा भी चलेगा मोबाइल, सिर्फ कॉल-SMS के लिए अलग रिचार्ज डेटा नहीं चाहिए तो अतिरिक्त पैसे देने की जरूरत नहीं, Voice-SMS Only प्लान का विकल्प

नई दिल्ली। मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने Voice और SMS का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए अलग रिचार्ज विकल्प उपलब्ध कराने का प्रावधान किया है। ऐसे प्लान में मोबाइल डेटा शामिल नहीं होगा, जिससे जिन उपभोक्ताओं को इंटरनेट की जरूरत नहीं है, वे केवल कॉल और SMS के लिए रिचार्ज कर सकेंगे।
TRAI के प्रावधान के तहत टेलीकॉम कंपनियों को Voice & SMS Only Special Tariff Voucher (STV) उपलब्ध कराना होगा। इसका उद्देश्य ऐसे ग्राहकों को उनकी जरूरत के मुताबिक प्लान चुनने का विकल्प देना है, जो मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते या बहुत कम करते हैं। TRAI ने विशेष रूप से बुजुर्गों, ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं और फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए इसे उपयोगी माना है।
365 दिन तक की वैधता का प्रावधान
TRAI ने STV और Combo Voucher की अधिकतम वैधता सीमा को पहले के 90 दिन से बढ़ाकर 365 दिन करने का फैसला किया है। हालांकि कंपनियां इससे कम अवधि वाले प्लान भी उपलब्ध करा सकती हैं।
TRAI की मौजूदा जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं के लिए 30 दिन की वैधता वाला प्लान और हर महीने एक ही तारीख को नवीनीकरण वाला विकल्प भी उपलब्ध कराया जाना है।
नियम का संभावित असर
इस व्यवस्था का सबसे बड़ा असर उन उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है जिन्हें मोबाइल में इंटरनेट की जरूरत नहीं है। ऐसे ग्राहकों को डेटा वाले महंगे पैक के बजाय अपनी जरूरत के अनुसार केवल कॉल और SMS आधारित रिचार्ज चुनने का विकल्प मिलेगा।
इससे फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले, बुजुर्ग और कम डेटा इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को बार-बार अनावश्यक डेटा के लिए भुगतान करने से बचने का विकल्प मिल सकता है। साथ ही लंबी वैधता वाले विकल्प मिलने से बार-बार रिचार्ज कराने की जरूरत भी कम हो सकती है।
हालांकि, TRAI मोबाइल रिचार्ज की कीमत खुद तय नहीं करता। अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियां अपनी व्यावसायिक नीतियों के अनुसार कीमत और सुविधाएं तय करती हैं, जबकि उन्हें TRAI के नियामकीय नियमों का पालन करना होता है।