नवरात्र में सुरक्षा को लेकर जौनपुर पुलिस अलर्ट, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा शाही पुल समेत प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश


जौनपुर। शारदीय नवरात्र के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से रविवार को जौनपुर पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त की। पुलिस अधिकारियों ने दुर्गा पूजा पंडालों, शाही पुल समेत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर के नेतृत्व में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त में हिस्सा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा पंडालों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया तथा आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश

पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख स्थानों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

त्योहार के मद्देनजर बढ़ाई सतर्कता

नवरात्र के दौरान मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरत रही है। अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए, ताकि लोग सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights