जौनपुर: बेटे ने पेंशनर मां को बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर


जौनपुर। केराकत कस्बे के शेखजादा मोहल्ले में मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी वृद्ध पेंशनर मां की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, 80 वर्षीय शीला सिंह, जो राजकीय कन्या पाठशाला में प्रवक्ता रह चुकी हैं, अपने पुत्रों के साथ रहती थीं। उनके पति स्वर्गीय वीरेन्द्र सिंह भी केराकत के एक इंटर कॉलेज में प्रवक्ता थे, जिनका करीब छह माह पूर्व निधन हो गया था।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर किसी बात को लेकर उनके पुत्र भोलू उर्फ संदीप को गुस्सा आ गया। उसने डंडे और लात-घूंसों से अपनी मां की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आई भाभी शालिनी सिंह निधि और भतीजी वार्तिका सिंह भी घायल हो गईं।
हमले में शीला सिंह के सिर, पेट और पीठ में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह बेहोश हो गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक और प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे भोलू उर्फ संदीप को हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights