प्रयागराज में आंधी-तूफान से पैंटून पुल बहा, आवागमन ठप
Prayagraj। जिले की मेजा तहसील क्षेत्र में गंगा के फेरी घाट पर बना पैंटून पुल मंगलवार रात आए तेज आंधी-तूफान की चपेट में आकर बह गया। बताया जा रहा है कि पुल काफी पुराना था और तेज हवाओं व उफान के कारण क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।
पुल बहने के बाद घाट के दोनों ओर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। स्थानीय लोगों को अब वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की स्थिति पहले से ही जर्जर थी, लेकिन समय रहते मरम्मत या स्थायी समाधान नहीं किया गया। घटना के बाद प्रशासन पर लापरवाही के आरोप भी लग रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले Mirzapur में भी हाल ही में उद्घाटन के महज 15 दिनों के भीतर दो पैंटून पुल बहने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन द्वारा स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और आवागमन बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।