जौनपुर में आंधी का कहर: पेड़ गिरने से युवक की मौत, CCTV में कैद हुई घटना


जौनपुर।
जौनपुर में तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मछलीशहर रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास एक नीम का पेड़ गिरने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र के पकड़ी गोदाम मोहल्ला निवासी मनीष कुमार गौतम (18 वर्ष) बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिससे बचने के लिए वह सड़क किनारे रुक गए।
तभी सड़क किनारे खड़ा एक पुराना और जर्जर नीम का पेड़ अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। पेड़ की भारी डाल के नीचे दबने से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए उन्हें बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। उनका कहना है कि सड़कों के किनारे कई पुराने और जर्जर पेड़ खड़े हैं, जो आंधी-तूफान में कभी भी गिर सकते हैं और बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights