जाति-आधारित भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ आजीवन संघर्ष करते रहे ज्योतिबा फुले: राकेश मौर्य

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार शनिवार को जिला कार्यालय सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज जौनपुर में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित कार्यकर्ताओं द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद जिला महासचिव आरिफ हबीब के संचालन में विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उनके जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में राकेश मौर्य ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक न्याय की आवाज़ को बुलंद करते हुए जाति-आधारित भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। वे एक महान विचारक, समाज सुधारक और लेखक थे। उन्होंने सत्यशोधक समाज की स्थापना कर समाज में समानता और शिक्षा का प्रसार किया, विशेषकर महिलाओं की शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा।
विचार गोष्ठी को पूर्व विधायक राजनरायन बिंद, लालबहादुर यादव, प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपचंद राम सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया और महात्मा फुले के विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद बूथवार गहन समीक्षा कराने की बात कही। साथ ही आगामी 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को सेक्टरवार कार्यक्रम बनाकर सफलतापूर्वक मनाने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।