आजमगढ़: जमीनी विवाद में चचेरे भाई की चाकू मारकर हत्या, गांव में तनाव

आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटात चक कटात गांव में जमीनी विवाद ने शनिवार की देर शाम खूनी रूप ले लिया। चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मोहन राम का अपने पटीदारों से घर के बारजा निकालने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार की शाम इसी मुद्दे को लेकर उसकी अपने चचेरे भाई विजेंद्र राम (40) से कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान मोहन राम ने आपा खो दिया और विजेंद्र राम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल विजेंद्र राम मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मोहन राम मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पाण्डेय व मेंहनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ भूपेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले भी इसी मुद्दे को लेकर विवाद हो चुका था, जिसे उस समय सुलझा लिया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।