जौनपुर: घर पर कब्जे का विरोध करने पर महिला व परिजनों से मारपीट, 4 पर केस दर्ज

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के धन्नेपुर गांव में घर पर कब्जा करने के विरोध पर दबंगों द्वारा एक महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धन्नेपुर निवासी दुलारी देवी पत्नी रामदुलार ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 9 अप्रैल की शाम गांव के ही अखिलेश बिंद, अशर्फी, सौरभ (तीनों पुत्र स्व. राम आसरे) तथा सत्यम पुत्र अशर्फी उनके घर पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे।
जब पीड़िता और उसके परिजनों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान चंदन बिंद को गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता का आरोप है कि जाते समय आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राम प्रकाश यादव को सौंपी गई है तथा घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।