ससुराल में युवक की आम के पेड़ से लटकती लाश मिलने से सनसनी


📍 जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके ससुराल में आम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय श्यामजीत गौतम, निवासी गोपालपुर (केशवपुर), गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिन पहले ही अपनी ससुराल, रितेश के घर आया हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इस घटना से मृतक के गांव और ससुराल दोनों जगह मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण भी इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
👉 पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights