उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, 25 जिलों में हीटवेव अलर्ट; एक हफ्ते तक राहत के आसार नहीं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने आज करीब 25 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं।
राजधानी लखनऊ समेत प्रयागराज और वाराणसी में तेज लू चलने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बांदा, चित्रकूट, भदोही, सहारनपुर और हमीरपुर सहित कई जिलों में भी लू का असर देखने को मिलेगा।
तापमान की बात करें तो प्रयागराज प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं वाराणसी में 44.2 डिग्री, बांदा में 43.6 डिग्री और लखनऊ में 41.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं और आने वाले एक सप्ताह तक इसी तरह की भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रह सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलें, पानी का अधिक सेवन करें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं।