जौनपुर: संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

जौनपुर। जौनपुर जिले के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह मामला चित्तापुर गांव का है, जहां 30 वर्षीय लक्ष्मी देवी का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की मौत से पहले के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में वह रोते हुए ससुराल वालों पर दहेज के लिए फांसी लगाकर मारने का आरोप लगा रही है, जबकि दूसरे वीडियो में वह मानसिक उत्पीड़न और तानों से परेशान होकर खुद को मरने के लिए मजबूर बताए जाने की बात कह रही है।
सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता शिव अधार पटेल, निवासी शेखूपुर गांव ने नेवढ़िया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी मई 2019 में चित्तापुर (धनेथू) निवासी अजय पटेल से हुई थी।
परिजनों के अनुसार, शादी में नकद 2 लाख रुपये, एक मोटरसाइकिल, सोने के आभूषण सहित अन्य सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष चार पहिया वाहन की मांग को लेकर लक्ष्मी को लगातार प्रताड़ित करता था। आरोप है कि पति अजय पटेल, देवर मोहित पटेल, सास सुमित्रा और ससुर लालचंद पटेल उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करते थे।
मृतका की दो मासूम बेटियां—नित्या (5 वर्ष) और नव्या (3 वर्ष)—हैं, जिनका अब रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, देवर, सास और ससुर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।