उत्तर प्रदेश: मुजफ्फरनगर में रिश्वत कांड, थानेदार समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक थानेदार पर केस से नाम निकालने के लिए 3 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगा है।
मामले में आरोपी थानेदार पवन चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने दो युवकों को केस से बाहर करने के लिए रिश्वत ली, लेकिन बाद में उन्हीं के घर पर दबिश भिजवा दी। इस कथित वायदा-खिलाफी के बाद मामला खुलकर सामने आया।
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले की डील हथियार तस्कर संजीदा ने कराई थी। जब वादा पूरा नहीं हुआ तो संजीदा ने एक सिपाही के साथ हुई बातचीत की ऑडियो वायरल कर दी, जिससे मामला उजागर हो गया।
ऑडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने पर थानेदार पवन चौधरी के साथ दो सिपाहियों—अनीस और नवीन—को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस विभाग का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।