गाजीपुर में स्मार्ट मीटर का ‘करंट’: चार गुना बिल से उपभोक्ता परेशान, दुर्गेश राय ने उठाई आवाज

गाजीपुर। जिले में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। गलत और बढ़े हुए बिजली बिलों से आम लोग परेशान हैं। इसी मुद्दे को लेकर गाजीपुर के समाजसेवी दुर्गेश राय ने लखनऊ में विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष डॉ. अवधेश वर्मा से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया।
दुर्गेश राय ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को सामान्य से तीन से चार गुना तक अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। जिले में करीब डेढ़ लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन इनकी सही निगरानी नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं के मीटर में “माइनस बैलेंस” दिखाकर बिजली काट दी जाती है। भीषण गर्मी में लोग कर्ज लेकर बार-बार रिचार्ज करने को मजबूर हैं, फिर भी कई बार 3 से 4 दिन तक बिजली बहाल नहीं हो पाती।
कमर्शियल उपभोक्ताओं की स्थिति और गंभीर है। जहां पहले 1000–1200 रुपये का बिल आता था, अब वही बढ़कर 8 से 10 हजार रुपये तक पहुंच रहा है।
दुर्गेश राय ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उपभोक्ताओं को “बिल सही है, जमा कर दीजिए” कहकर वापस लौटा दिया जाता है। वहीं, एसडीओ और जेई स्तर पर बिल संशोधन के सीमित अधिकार होने से समस्या और बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही से उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारी चुप हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. अवधेश वर्मा ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो यह मुद्दा आंदोलन का रूप ले सकता है।