बलिया: पत्नी की विदाई न होने पर युवक का खौफनाक तांडव, पत्नी और सास की हत्या, ससुर व बेटा घायल


बलिया। नगर थाना क्षेत्र के बछईपुर (छोटकापुर) गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पत्नी की विदाई न होने से नाराज युवक ने ससुराल में घुसकर पत्नी और सास की गला रेतकर हत्या कर दी, जबकि ससुर और ढाई वर्षीय मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में पत्नी प्रीति (22) और सास सुशीला देवी (45) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ससुर अंतु गोंड़ (50) और ढाई वर्षीय मासूम को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहचौर निवासी अमित गोंड़ की शादी चार वर्ष पूर्व प्रीति से हुई थी। दोनों का एक ढाई वर्षीय बेटा भी है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते प्रीति कुछ समय से मायके में रह रही थी।
नवरात्र के दौरान अमित पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी ने जाने से इनकार कर दिया। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने शनिवार रात ससुराल में घुसकर तांडव मचाया।
बताया जा रहा है कि आरोपी छत के रास्ते घर में घुसा और सो रही पत्नी व सास पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर नीचे सो रहे ससुर ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी दिनेश शुक्ल और सीओ आलोक गुप्ता मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने ससुर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है। घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है।
स्थानीय पुलिस फोर्स के साथ नगर, गड़वार, रसड़ा और पकड़ी थानों की टीम भी जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights