पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, रास्ते में रोककर पति की गोली मारकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी, 28 अप्रैल। जनपद के थाना मितौली क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, घटना सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई। मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई। तय योजना के मुताबिक आरोपियों ने रास्ते में रोककर पति को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी व सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस तथा एक बाइक बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।