भीषण गर्मी से लखनऊ बेहाल, पारा 44 डिग्री पहुंचने का अनुमान

लखनऊ। राजधानी में भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे सड़कों पर सन्नाटा और लोगों में बेचैनी बढ़ गई है।
गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने लालबाग और 1090 चौराहे पर कूलिंग पॉइंट बनाए हैं। इन स्थानों पर कूलर, पंखे, ठंडा पानी और गुड़ की व्यवस्था की गई है, ताकि राहगीरों को कुछ राहत मिल सके।
भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। अधिक तापमान के चलते ट्रांसफॉर्मर ओवरहीट हो रहे हैं, जिन्हें ठंडा रखने के लिए पंखे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा कई इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या भी सामने आ रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और फिलहाल आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।