त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं की भीड़ में घुसी बेकाबू कार; पांच घायल


जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध त्रिलोचन महादेव मंदिर के समीप सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार चालक का नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग घायलों की मदद में जुट गए।
सूचना पर पहुंची जलालपुर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल अरविंद राजभर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घायलों में अरविंद राजभर (32) निवासी कोड़री, प्रमोद कुमार (32) निवासी गढ़ कोड़री, विशाल मिश्रा (26) निवासी बराई, आयुष सिंह (21) तथा अंजली पटेल (14) निवासी फूलपुर, वाराणसी शामिल हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक मंदिर मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights