संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आगाज, जागरूकता रैली को मिली हरी झंडी एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू ने दिलाई शपथ, बोले—अभियान की गतिविधियों की हो प्रभावी मॉनिटरिंग

जौनपुर। संचारी रोगों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। टीबी चिकित्सालय परिसर जौनपुर से विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाने के बाद जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली के दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए पोस्टर और पंपलेट वितरित किए गए। इस दौरान “जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां”, “साफ पानी, साफ हाथ, संचारी रोगों को देंगे मात” तथा “हम सबने यह ठाना है, संचारी रोग भगाना है” जैसे स्लोगनों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और रोगों से बचाव का संदेश दिया गया।

एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संचारी दस्तक अभियान को पूरी गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत निर्धारित सभी गतिविधियों को कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए और प्रत्येक गतिविधि की सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

रैली टीबी चिकित्सालय परिसर से शुरू होकर गांधी तिराहा होते हुए पुनः टीबी चिकित्सालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।

अभियान के दौरान पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन और कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इनमें साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, जल निकासी, एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव, फॉगिंग, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे, सोर्स रिडक्शन तथा स्वास्थ्य शिक्षा और प्रचार-प्रसार प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके साथ ही शूकर पालकों, किसानों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आमजन को संचारी रोगों से बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. आलोक कुमार सिंह, डीटीओ डॉ. विशाल यादव, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, डॉ. सुशील अग्रहरि, अधिशासी अधिकारी धर्मराज राय, एसआई जितेंद्र सिंह, एसोसिएट जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विवेक सिंह, कृषि विभाग से बीपी सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी संजीव मिश्रा, सुजीत प्रभाकर, अशोक कुमार, सलिल यादव, राजीव कुमार सहित मलेरिया-फाइलेरिया विभाग के कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights