जौनपुर दूल्हा हत्याकांड: तीन आरोपियों पर एक लाख का इनाम, STF भी जांच में शामिल


जौनपुर। चर्चित दूल्हा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब इस मामले की जांच में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को भी शामिल किया गया है। पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों पर घोषित इनाम की राशि 25 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों में आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप बिंद, खेतासराय थाना क्षेत्र निवासी रवि यादव और सरायख्वाजा क्षेत्र के भोले राजभर शामिल हैं। आरोपियों की तलाश में एसआईटी समेत पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ ने मामले में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं पुलिस को आरोपियों को शरण देने वालों के संबंध में भी अहम जानकारी मिली है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले में बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
गौरतलब है कि एक मई की रात सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ठर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद की शादी खेतासराय क्षेत्र में तय थी। बारात लेकर जाते समय बादशाही बाजार के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार रोक ली और गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मृतक के पिता की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक कई संदिग्धों और शरणदाताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मामले में दुल्हन की ओर से ममेरे भाई पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था। बताया जा रहा है कि प्रेम विवाह से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights