जौनपुर में पोखरे में मिला वृद्ध का शव, इलाके में सनसनी


जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीनपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित पोखरे में एक वृद्ध का शव उतराया हुआ मिला। मृतक की पहचान 60 वर्षीय मेवा लाल कनौजिया निवासी कबीरूद्दीनपुर के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार मेवा लाल रविवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह पोखरे के पास खेल रहे बच्चों ने पानी में शव तैरता देखा, जिसके बाद शोर मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights