उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही के समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 की परीक्षा तिथि व परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना जारी!!


लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा जनपद/नगर आवंटन की अग्रिम सूचना (District/City Information Slip) जारी कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार लिखित परीक्षा का आयोजन 8 जून, 9 जून एवं 10 जून 2026 को प्रदेश के 75 जनपदों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी।
पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। अभ्यर्थी 1 जून 2026 से भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परीक्षा जनपद/नगर सूचना पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपने पंजीकरण संख्या एवं जन्मतिथि के माध्यम से लॉगिन करना होगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जारी की गई District/City Information Slip प्रवेश पत्र नहीं है। यह केवल अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा जनपद की अग्रिम जानकारी देने के लिए जारी की गई है, ताकि वे यात्रा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से कर सकें।
लिखित परीक्षा के प्रवेश पत्र (Admit Card) परीक्षा तिथि से तीन दिन पूर्व जारी किए जाएंगे। 8 जून की परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 5 जून, 9 जून की परीक्षा के लिए 6 जून तथा 10 जून की परीक्षा के लिए 7 जून 2026 को बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें तथा परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।
अधिक जानकारी एवं District/City Information Slip डाउनलोड करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट: uppbpb.gov.in