12वीं मंजिल पर आग, दमकल व्यवस्था पर उठे सवाल
नोएडा। शहर की हाईराइज इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सेक्टर-75 स्थित IVY County Society में 12वीं मंजिल पर आग लगने की घटना ने फायर सेफ्टी तैयारियों की पोल खोल दी।
जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद मौके पर पहुंची शुरुआती दमकल गाड़ियां प्रभावी साबित नहीं हुईं। बताया जा रहा है कि दमकल का पानी केवल छठी मंजिल तक ही पहुंच सका, जबकि आग 12वीं मंजिल पर लगी थी। इससे आग बुझाने में शुरुआती स्तर पर काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
बाद में हाईड्रोलिक मशीनों तथा बिल्डिंग में मौजूद फायर सेफ्टी सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
इस घटना के बाद नोएडा की ऊंची इमारतों में अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता और उनकी क्षमता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेजी से बढ़ती हाईराइज इमारतों के अनुरूप फायर विभाग के संसाधनों को भी आधुनिक और सक्षम बनाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।