जौनपुर में बिजली विभाग की लापरवाही से फिर मचा हड़कंप, शॉर्ट सर्किट से दहशत में व्यापारी
जौनपुर। नगर के हनुमान घाट स्थित सोनार मंडी क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते आए दिन शॉर्ट सर्किट की घटनाएं सामने आ रही हैं। क्षेत्रीय दुकानदारों का आरोप है कि जर्जर विद्युत तारों और अव्यवस्थित बिजली व्यवस्था के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार देर रात एक बार फिर भीषण शॉर्ट सर्किट होने से इलाके में अफरातफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट इतना भयावह था कि आसपास के दुकानदार और स्थानीय निवासी दहशत में आ गए। घटना के दौरान चिंगारियां और तेज आवाजें सुनाई देने से लोगों में भय का माहौल बन गया।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से तत्काल संज्ञान लेते हुए जर्जर तारों और अन्य तकनीकी खामियों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।