लखनऊ अग्निकांड के बाद जौनपुर प्रशासन सख्त, रेस्टोरेंट, लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी

जौनपुर। राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जौनपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में व्यापक जांच अभियान चलाया।
सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। अचानक हुई कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप मच गया और कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
निरीक्षण के दौरान टीम ने कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, विद्युत वायरिंग, भवन की क्षमता और अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। वहीं रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था तथा आवश्यक लाइसेंस एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लखनऊ में हुई दुखद घटना के बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाएगी, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खामियां मिलने की सूचना है, जिनके संचालकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह ने कहा कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर विषय है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सभी प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करना होगा, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।